
चंडीगढ़। हरियाणा पुलिस में तैनात कांस्टेबल के 25 महीने के बेटे युवांश को 9 करोड़ 62 लाख रुपए का इंजेक्शन लगने के बाद उसकी सेहत में सुधार हो रहा है और अब वह चलने लगा है। युवांश दुनिया की दुर्लभ और गंभीर बीमारियों में शामिल स्पाइनल मस्कुलर एट्रोफी (एसएमए) टाइप-1 से पीडि़त था। उसके इलाज के लिए पिता राजेश ने क्राउड फंडिंग के माध्यम से आर्थिक मदद जुटाई। हरियाणा पुलिस के जवानों और अधिकारियों ने भी एक दिन का वेतन दान करने की मुहिम में सहयोग दिया। फंड जुटने के बाद 7 सितंबर को पीजीआई चंडीगढ़ में युवांश को महंगा इंजेक्शन लगाया गया। इसके बाद उसकी सेहत में लगातार सुधार हुआ है। डॉक्टरों के मुताबिक, पूरी तरह शारीरिक क्षमता हासिल करने के लिए अभी उसे फिजियोथैरेपी की जरूरत है। पिता राजेश हर 15 दिन या महीने में युवांश को लेकर पीजीआई चंडीगढ़ जाते हैं। युवांश के पिता राजेश मूल रूप से हिसार जिले के आदमपुर क्षेत्र के गांव जाखोद खेड़ा के रहने वाले हैं। वह फिलहाल फतेहाबाद पुलिस की साइबर शाखा में कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात हैं। उनकी पत्नी किरण फतेहाबाद के खाद्य एवं आपूर्ति विभाग में क्लर्क हैं। परिवार के पास तीन एकड़ जमीन है।

युवांश के इलाज के लिए इम्पैक्ट गुरु फंड राइजिंग ग्रुप के माध्यम से आर्थिक मदद जुटाने का अभियान शुरू किया गया था। इसमें आम लोगों के साथ हरियाणा पुलिस के कर्मचारियों और अधिकारियों ने भी योगदान दिया। फतेहाबाद, कैथल की एसपी आस्था मोदी और सिरसा के एसपी मयंक गुप्ता ने पुलिसकर्मियों से स्वेच्छा से एक दिन का वेतन दान करने की अपील की थी। सोशल मीडिया पर भी मदद के लिए अभियान चलाया गया। करीब एक साल में इंजेक्शन के लिए आवश्यक राशि जुटाई गई। राजेश और किरण की शादी 23 अप्रैल 2023 को हुई थी। युवांश का जन्म 9 अक्टूबर 2024 को हुआ। जन्म के करीब दो महीने बाद जब उसने सामान्य बच्चों की तरह हरकत करना कम कर दिया तो परिवार उसे हिसार में हड्डी रोग विशेषज्ञ के पास ले गया। शुरुआती जांच में डॉक्टरों ने इसे सामान्य समस्या और विकास में देरी बताया।
अगले दो-तीन महीनों में युवांश की छाती से असामान्य आवाजें आने लगीं। उसे एक सप्ताह तक अस्पताल में भर्ती रखना पड़ा। हालत में कुछ सुधार हुआ, लेकिन डॉक्टरों ने बड़े अस्पताल में जांच कराने की सलाह दी। मई में हिसार के निजी अस्पताल में युवांश का एसएमए टेस्ट कराया गया। 18 मई को आई रिपोर्ट में स्पाइनल मस्कुलर एट्रोफी टाइप-1 की पुष्टि हुई। इसके बाद 22 मई को परिवार उसे पीजीआई चंडीगढ़ लेकर पहुंचा, जहां डॉ. रेणु सुथार की देखरेख में इलाज शुरू हुआ। हिसार की शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. विनीता जैन के मुताबिक, स्पाइनल मस्कुलर एट्रोफी में रीढ़ की हड्डी के न्यूरॉन्स प्रभावित होते हैं। इससे मांसपेशियां कमजोर होने लगती हैं और बच्चे का शारीरिक विकास प्रभावित होता है। इस बीमारी में दो साल की उम्र से पहले इंजेक्शन लगना बेहद महत्वपूर्ण होता है। इलाज के बाद भी मांसपेशियों की ताकत और शारीरिक क्षमता में सुधार के लिए फिजियोथैरेपी जरूरी होती है। युवांश के चलने की शुरुआत परिवार के लिए बड़ी राहत और उम्मीद बनकर आई है।








