
जैसे-जैसे समय आगे बढ़ता जा रहा है, दुनिया में कई तरह के बदलाव हो रहे हैं। कुछ बदलाव अच्छे भी है लेकिन कुछ बहुत बुरे। ये बदलाव कई क्षेत्रों में हो रहे हैं। लेकिन जो बदलाव पर्यावरण में हो रहा है वो डराने वाला है। वनों का कटान, जंगल में आग, प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन जैसी समस्याएं दिन-प्रतिदिन खतरनाक होती जा रही। दुनिया के कई बड़े शहर धीरे-धीरे जमीन में धंस रहे हैं, जो चिंता का विषय है। इन्हीं शहरों में से एक है इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता, जो दुनिया के सबसे तेज़ी से डूबते शहरों में से एक है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह शहर हर साल 1-15 सेमी तक डूब रहा है।
रिपोर्ट्स के अनुसार जमीन के नीचे से जरूरत से ज्यादा पानी निकालना इस शहरों में जमीन धंसने का सबसे बड़ा कारण है। इसके अलावा यहां बाढ़ भी आती है और यह जमीन दलदली है। बता दें कि इस शहर के किनारे जावा सागर है। इतना ही नहीं 13 नदियां इस शहर के बीच से होकर बहती हैं। वैज्ञानिकों ने तो यह भी चेतावनी दी है कि 2030 तक जकार्ता का अधिकांश हिस्सा रहने योग्य नहीं रहेगा।