
नई दिल्ली। संसद के शीतकालीन सत्र के 9वें दिन वंदे मातरम पर बहस गरमा गई। चर्चा के दौरान बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा जवाहरलाल नेहरू पर की गई टिप्पणी के बाद राज्यसभा में हंगामा मचा। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने नेहरू को बहस का केंद्र बनाने पर सवाल उठाया। जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर संस्कृति से समझौता करने का आरोप लगाया, वहीं खडग़े ने आरोपों को विकृत और असत्य बताया, जिससे दोनों नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई। अंतत: अध्यक्ष उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के हस्तक्षेप के बाद जेपी नड्डा ने कहा कि सरकार केवल ऐतिहासिक तथ्यों को सही करना चाहती है, न कि नेहरू की छवि को धूमिल करना।
चर्चा के दौरान जेपी नड्डा ने कहा कि हमारा उद्देश्य भारत के पूर्व पीएम को बदनाम करना नहीं, लेकिन इतिहास को रिकॉर्ड पर रखना जरूरी है। जेपी नड्डा ने कहा कि जब कोई घटना घटती है, तो जिम्मेदार सरदार ही होता है। कांग्रेस पार्टी की सरकार के सरदार नेहरू ही थे, इसलिए जिम्मेदारी भी लेनी चाहिए। वहीं मल्लिकार्जुन खडग़े ने पूछा कि क्या चर्चा का विषय वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ है या फिर चर्चा का मुख्य विषय जवाहरलाल नेहरू हैं। मल्लिकार्जुन खडग़े ने नड्डा पर नेहरू का अपमान करने का आरोप लगाया।







