
नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के तुगलकाबाद एक्सटेंशन में शुक्रवार सुबह पांच मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लग गई, जिससे कम से कम तीन लोगों की मौत हो गयी और दो अन्य घायल हो गए, जिनकी हालत गंभीर है। पुलिस के अनुसार यह घटना गुरुवार रात को हुई। गोविंद पुरी पुलिस स्टेशन की एक टीम हादसे की जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि घटना के बारे में पीसीआर कॉल रात 2:24 बजे प्राप्त हुई।
पुलिस के अनुसार, इस घटना में 22 साल के एक युवक और दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गयी, जबकि दो अन्य लोगों का गंभीर हालत में इलाज चल रहा है। शुरुआती जांच से पता चला है कि आग शायद ग्राउंड फ्लोर पर बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। आग तेज़ी से फैली और वहां खड़ी सात दो-पहिया वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया, जिनमें एक इलेक्ट्रिक स्कूटर भी शामिल था, जो चार्ज हो रहा था। अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के कारण का पता विस्तृत जांच के बाद ही चलेगा।







