
गुवाहाटी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता हिमंता बिस्वा सरमा को मंगलवार को असम के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलायी गयी। उनके साथ चार अन्य मंत्रियों ने भी शपथी। इसके साथ ही सरमा दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री बने। पार्टी ने विधानसभा चुनाव में 126 सीटों के साथ दो तिहाई से भी अधिक बहुमत हासिल किया है।
हिमंता सरमा को यहां राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने आज पूर्वाह्न पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी। उनके अलावा रामेश्वर तेली, अतुल बोरा, चरण बोरो और अजंता नियोग को मंत्रिपद की शपथ दिलायी गयी। अतुल बोरा भाजपा के सहयोगी दल असम गणपरिषद से तथा चरण बोरो बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट से हैं।
इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तथा कई अन्य केन्द्रीय मंत्री, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन मौजूद थे। भाजपा और उसके गठबंधन के शासन वालों राज्यों के मुख्यमंत्री तथा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के विभिन्न दलों के नेता भी इस मौके पर मौजूद थे। गुवाहाटी के खानपारा स्थित वेटनरी ग्राउंड में विशाल जनसमूह भी शपथ ग्रहण समारोह का साक्षी बना।







