
मुंबई। नीट पेपर लीक केस में सोमवार को 10वीं गिरफ्तारी हुई। सीबीआई ने महाराष्ट्र के लातूर से केमिस्ट्री कोचिंग डायरेक्टर शिवराज रघुनाथ मोटेगांवकर को गिरफ्तार किया। अधिकारियों के अनुसार, रविवार को सीबीआई की तलाशी के दौरान रघुनाथ के मोबाइल से नीट यूजी का लीक पेपर बरामद हुआ था। सीबीआई के मुताबिक मोटेगांवकर संगठित गिरोह का हिस्सा है, जो नीट पेपर लीक कराने और आगे फैलाने में शामिल है। उसने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर 23 अप्रैल को ही पेपर और आंसर की हासिल की और कई लोगों को दी थी। सीबीआई ने 15 मई को मोटेगांवकर से उसके घर पर आठ घंटे पूछताछ की थी। मोटेगांवकर का लातूर समेत सात जिलों में रेणुकाई केमिस्ट्री क्लासेस नाम का कोचिंग सेंटर है।
रविवार को ही सीबीआई ने मेन कोचिंग सेंटर पर छापा मारकर कई डॉक्यूमेंट्स और इलेक्ट्रॉनिक सामान भी जब्त किया था। रिपोट्र्स के मुताबिक कोचिंग सेंटर का 100 करोड़ का टर्नओवर है। सीेबीआई को शक है कि सेंटर में नीट कैंडिडेट्स को लीक पेपर के सवाल उपलब्ध कराए गए। साथ ही लातूर के कई डॉक्टरों ने लीक पेपर खरीदा। नीट-यूजी पेपर लीक मामले में अब तक 10 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इनमें से छह महाराष्ट्र से हैं।







