उत्तर प्रदेशताजा खबरदिल्लीभारत

देश में आने वाला है बड़ा आर्थिक संकट, आम आदमी पर पड़ेगा असर: राहुल गांधी

नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने देश की आर्थिक स्थिति को लेकर गंभीर चिंता जताते हुए कहा है कि देश एक बड़े आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है और इसका सबसे ज्यादा असर आम जनता पर पड़ेगा। उत्तर प्रदेश दौरे के दौरान राहुल गांधी ने मंगलवार को केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले कुछ वर्षों में देश का आर्थिक ढांचा पूरी तरह बदल दिया गया है, जिसके कारण एक बड़ा आर्थिक तूफान आने वाला है। उन्होंने कहा, “मैं पिछले कुछ दिनों से लगातार कह रहा हूं कि मोदी जी ने देश का आर्थिक ढांचा बदल दिया है। एक बड़ा आर्थिक संकट आने वाला है। दुर्भाग्य से इसका खामियाजा आम आदमी को भुगतना पड़ेगा। इस आर्थिक झटके का असर सिर्फ अडानी, अंबानी और मोदी पर नहीं पड़ेगा, बल्कि देश के आम लोगों पर इसका गहरा प्रभाव पड़ेगा।”

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार आर्थिक चुनौतियों का समाधान निकालने के बजाय लोगों को विदेश यात्रा न करने की सलाह दे रही है, जबकि प्रधानमंत्री स्वयं लगातार विदेश दौरों पर हैं। उन्होंने कहा कि आने वाला समय देश के लिए कठिन हो सकता है और सरकार को समय रहते ठोस कदम उठाने चाहिए। गौरतलब है कि राहुल गांधी मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के दौरे पर हैं, जहां वह कई कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं। उनके कार्यक्रमों में बछरावां विधानसभा क्षेत्र में बारात घर का उद्घाटन और ग्राम विकास संवाद, हरचंदपुर विधानसभा में कार्यकर्ताओं को संबोधन, लालगंज के सरेनी क्षेत्र में महिला संवाद कार्यक्रम और वैभव नगर वार्ड नंबर-14 में सड़क उद्घाटन कार्यक्रम शामिल हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *