उत्तर प्रदेशताजा खबरभारत

यूपी में गर्मी का सितम जारी, समूचे प्रदेश में अगले तीन दिनों के लिए रेड अलर्ट

लखनऊ। समूचे उत्तर भारत में जारी प्रचंड गर्मी से इस सप्ताह राहत की कोई उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग ने समूचे उत्तर प्रदेश में अगले तीन दिनों तक रेड अलर्ट जारी किया है, लेकिन उसके बाद भी गर्मी और लू रात दिन सताएगी। मौसम विभाग द्वारा बुधवार को जारी बुलेटिन के अनुसार अगले पांच दिनों तक भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी रहने की संभावना है। प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में 24 मई तक मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा तथा 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार 20 से 24 मई के दौरान दिन के समय प्रदेश के अनेक जिलों में उष्ण लहर (लू) से भीषण उष्ण लहर चलने की आशंका है, जबकि कई स्थानों पर उष्ण रात्रि की स्थिति भी बनी रह सकती है। विभाग ने विशेष रूप से बुंदेलखंड, कानपुर मंडल, आगरा मंडल तथा पूर्वांचल के कई जिलों के लिए गंभीर चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग ने बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, फतेहपुर, मिर्जापुर, वाराणसी, कानपुर नगर, आगरा, मथुरा, झांसी और ललितपुर सहित अनेक जिलों में भीषण लू की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही गाजीपुर, आजमगढ़, बलिया, सहारनपुर, मेरठ और बुलंदशहर समेत कई जिलों में सामान्य लू चलने की संभावना जताई गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *