ताजा खबरदुनियाभारत

ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स : भारत को दो और मेडल, 21 पदक पक्के, वेटलिफ्टर हरजिंदर कौर का रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन, चांदी जीती

ग्लासगो। ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय एथलीटों का शानदार प्रदर्शन जारी है। वेटलिफ्टर हरजिंदर कौर और लंबी दूरी के रनर गुलवीर सिंह ने अपने-अपने मुकाबलों में सिल्वर मेडल जीते। वहीं, भारतीय बॉक्सरों ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाकर पांच और मेडल पक्के कर दिए। कुल मिलाकर सातवें दिन भारत के 21 पदक पक्के हो चुके हैं। भारत फिलहाल पदक तालिका में नौवें स्थान पर है। उसके खाते में अब तक दो गोल्ड, 7 सिल्वर और तीन ब्रॉन्ज समेत कुल 12 मेडल हैं। महिलाओं के 69 किलो ग्राम वर्ग में 29 वर्षीय वेटलिफ्टर हरजिंदर कौर ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। चार साल पहले बर्मिंघम खेलों (71 किग्रा.) में कांस्य जीतने वाली हरजिंदर ने इस बार शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल जीता।

यह इन खेलों में भारत का वेटलिफ्टिंग में सातवां मेडल है। महज 5 फीट 3 इंच की हरजिंदर ने स्नैच और क्लीन एंड जर्क दोनों में दो-दो बार कॉमनवेल्थ गेम्स का रिकॉर्ड तोड़ा। उन्होंने स्नैच में पहले 99 किलोग्राम और फिर अंतिम प्रयास में 101 किग्रा. वजन उठाया। इसके बाद क्लीन एंड जर्क में हरजिंदर ने 123 किलोग्राम वजन उठाया और फिर 126 किग्रा. के साथ अपना कुल स्कोर 227 किलोग्राम तक पहुंचाया। हालांकि, कनाडा की चार्लोट सिमोनो ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 108 किलोग्राम स्नैच और 132 किलोग्राम क्लीन एंड जर्क के साथ कुल 240 किलोग्राम वजन उठाकर गोल्ड मेडल जीता। उन्होंने हरजिंदर से 13 किलोग्राम अधिक वजन उठाया।

भारत के पांच मुक्केबाज सेमीफाइनल में

बॉक्सिंग में भारत का प्रदर्शन शानदार रहा। महिलाओं के 51 किलोग्राम क्वार्टरफाइनल में साक्षी चौधरी ने कैटलिन फ्रायर्स (उत्तरी आयरलैंड) को 5-0 के एकतरफा फैसले से हराकर भारत को एक और पदक का दावेदार बनाया। वहीं महिलाओं के 70 किलोग्राम क्वार्टरफाइनल में अरुंधति चौधरी ने मॉर्गन हेंडरसन (न्यूजीलैंड) को 3-1 के स्प्लिट फैसले से हराया। पुरुषों के 60 किलोग्राम क्वार्टरफाइनल में सचिन सिवाच ने ट्रेजर मोरेमी (बोत्सवाना) को 5-0 के एकतरफा फैसले से हराया। पुरुषों के 80 किलोग्राम क्वार्टरफाइनल में अंकुश पांघल ने जेड माइकोक (सेशेल्स) को 5-0 के एकतरफा फैसले से हराया। पुरुषों के 90+ किलोग्राम क्वार्टरफ़ाइनल में नरेंद्र बेरवाल ने माइकल सेको (समोआ) को 3-2 के स्प्लिट फैसले से हराया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *