
लखीसराय। बिहार के लखीसराय जिले में अशोकधाम मंदिर परिसर के समीप तीसरी सोमवारी के अवसर पर आज सुबह भगदड़ मच जाने से सात महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई तथा 18 से अधिक लोग घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि घटना अशोकधाम मंदिर परिसर से करीब 400 मीटर पश्चिम और अशोकधाम रेलवे स्टेशन से लगभग 100 मीटर की दूरी पर हुई। मंदिर में प्रवेश के लिए श्रद्धालुओं के पंक्तिबद्ध होने के दौरान धक्का-मुक्की शुरू हो गई। भीड़ का दबाव बढ़ने से बांस की बैरिकेडिंग टूट गयी और महिलाओं का एक बड़ा समूह समीप स्थित रेलवे हाता के जलजमाव वाले क्षेत्र में गिर गया।
इसी दौरान भीड़ के दबाव से सड़क किनारे लगा बिजली का पोल भी गिर गया। पोल गिरने के बाद करंट फैलने की अफवाह से श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गयी और लोग जान बचाने के लिए भागने लगे। इस दौरान कई लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर गए। भगदड़ में सात महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गयी।मृतकों की पहचान सरोज देवी (65) मणिमाला देवी (44), हेमलता देवी (55), सावित्री देवी (48),सविता देवी (35), ललिता देवी (50) तथा रिंकू देवी के रूप में की गयी है। घायलों को सदर अस्पताल तथा निजी क्लीनिकों में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया।मृतकों के शव सदर अस्पताल लाए गए, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई।









