यमुना एक्सप्रेस-वे पर बड़ा हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने कार को मारी टक्कर, चार लोगों की मौत

ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा जेवर थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे पर रविवार देर रात एक अनियंत्रित ट्रक के कार को टक्कर मारने से चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने कल देर रात बताया कि ट्रक नोएडा की ओर से आगरा की तरफ जा रहा था। जेवर थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे पर ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया। इसके बाद एक्सप्रेस-वे की रेलिंग को तोड़ते हुए कार से जा भिड़ा। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के बाद कार में सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर जेवर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव की कार्रवाई करते हुए पुलिस और अन्य संबंधित टीमों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया जहां उपचार के दौरान सभी चारों घायलों ने दम तोड़ दिया। चार लोगों की मौत की सूचना के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की पहचान और अन्य आवश्यक औपचारिकताओं के संबंध में पुलिस द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।








