
नई दिल्ली। तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर मचे सियासी घमासान के बीच कांग्रेस पर लगाये जा रहे आरोपों का सांसद मणिकम टैगोर ने पलटवार करते हुए कहा कि द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) और कुछ मीडिया समूह कांग्रेस पर गठबंधन तोडऩे और विपक्षी एकता कमजोर करने का गलत आरोप लगा रहे हैं।
टैगोर ने कहा कि अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कडग़म (टीवीके) विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, लेकिन वह बहुमत के जादुई आंकड़े 118 से दूर है और कांग्रेस ने उसे समर्थन देने की घोषणा की है। उन्होंने कांग्रेस के इस फैसले का बचाव किया और कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने चुनाव परिणाम आने के तुरंत बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से बातचीत की थी और सार्वजनिक रूप से उनका समर्थन भी किया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने टीवीके का समर्थन जनता के जनादेश का सम्मान करने और स्थिर सरकार देने के लिए किया है।







