
नई दिल्ली। भारत में अमरीकी राजदूत सर्जियो गोर ने दोनों देशों के रिश्तों को लेकर नया बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी उन चुनिंदा नेताओं में शामिल हैं, जिनसे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मिलना चाहते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि उम्मीद है कि दिसंबर में फ्लोरिडा में होने वाली जी20 समिट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमरीका की यात्रा करेंगे और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ मुलाकात करेंगे।
बता दें कि अभी इस कार्यक्रम में तीन से चार महीने बाकी हैं। ऐसे में किसी भी तरह की द्विपक्षीय वार्ता की घोषणा नहीं हुई है। सर्जियो गोर ने दोनों देशों को रिश्तों को बेहद मजबूत करार दिया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के मजबूत रिश्तों से बाकी लोगों को परेशानी होती है, वह जलते हैं। इतन ही नहीं उन्होंने दिसंबर में होने वाली जी20 समिट का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों नेताओं के बीच में दोस्ताना रिश्ते हैं। ऐसे में जब दोनों की मुलाकात होगी, तो यह केवल एक ग्रुप मीटिंग से ज्यादा होगी। गोर ने कहा कि अगर राष्ट्रपति ट्रंप से पूछा जाए कि समिट के लिए 35 लोग आ रहे हैं और वह किससे मिलना चाहेंगे? तो निश्चित तौर पर टॉप लिस्ट में पीएम मोदी का नाम शामिल होगा।








