भारत-रूस की प्रगाढ़ दोस्ती के लिए मां गंगा और बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना

वाराणसी। भारत और रूस के बीच पारंपरिक, मजबूत एवं विश्वसनीय मित्रता को और प्रगाढ़ बनाने की कामना के साथ नमामि गंगे के सदस्यों ने शुक्रवार को सामने घाट पर मां गंगा की आरती उतारी और श्री काशी विश्वनाथ से प्रार्थना की। इस अवसर पर नमामि गंगे टीम के सदस्यों ने भारत और रूस के राष्ट्रीय ध्वज तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की तस्वीरें लेकर गंगा पूजन किया। उन्होंने दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार एवं निवेश संबंधों को मजबूत बनाने तथा सहयोग को नई दिशा देने की कामना की।
नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर राजेश शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की मुलाकात दोनों देशों के संबंधों को नई ऊंचाई प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि भारत-रूस के बीच व्यापार, निवेश, सुरक्षा, स्वच्छ ऊर्जा और उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि मां गंगा और बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना की गई है कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंध हर क्षेत्र में और मजबूत हों तथा वैश्विक स्तर पर शांति, सुरक्षा एवं विकास के लिए भारत और रूस मिलकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।








