ताजा खबरभारतराज्य

मणिपुर के कांगपोकपी में हिंसक प्रदर्शन, नेशनल हाई-वे खोदा, सुरक्षाबलों पर पथराव-आगजनी

 इम्फाल मणिपुर के कांगपोकपी में शनिवार देर रात तनाव बढ़ गया। सुरक्षाबलों द्वारा छह लोगों को हिरासत में लिए जाने के बाद कुकी समुदाय के लोग भडक़ गए। प्रदर्शनकारियों ने सडक़ों पर आगजनी के साथ सुरक्षाबलों के वाहनों पर पथराव किया। कई जगह सडक़ें खोद दी गईं। सुरक्षाबलों ने आंसू गैस के गोले दागकर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा। हिरासत में लिए गए लोगों को छोडऩे के बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए। जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबलों ने शनिवार शाम कांगपोकपी जिले के खोलेप गांव से छह लोगों को हिरासत में लिया था। उन पर हाल में हुई हिंसक वारदातों में शामिल सशस्त्र संगठनों से जुड़े होने का संदेह था। ग्रामीणों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी फैलते ही कुकी समुदाय के लोग सडक़ों पर निकलने लगे।

रात करीब दस बजे कांगपोकपी बाजार, मोटबुंग और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में लोग जुट गए और हिंसक प्रदर्शन शुरू कर दिया। राष्ट्रीय राजमार्ग-दो (इंफाल से दीमापुर) पर जगह-जगह जाम लगाए जाने से बड़ी संख्या में वाहन फंस गए।हालात बिगडऩे पर अतिरिक्त बल मौके पर भेजे गए। इस पर प्रदर्शनकारियों ने जगह-जगह टायर जलाने के साथ सरकारी और सुरक्षाबलों के वाहनों पर पथराव किया। सुरक्षाबलों के वाहनों को रोकने के लिए भारी मशीनों से कई जगह सडक़ों पर खुदाई भी कर दी। आधी रात तक भारी बवाल के बाद सुरक्षाबलों ने आंसू गैस के गोले दागकर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा। बाद में अधिकारियों से बातचीत के दौरान ग्रामीणों ने दावा किया कि सुरक्षाबलों ने छह ग्रामीणों को बिना कोई कारण बताए हिरासत में लिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *