प्रयागराज : NEET की तैयारी कर रही छात्रा ने पिता के लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार किया सुसाइड
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में झूंसी थाना क्षेत्र के त्रिवेणीपुरम इलाके में सोमवार देर रात नीट की तैयारी कर रही एक छात्रा ने अपने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान रितु शर्मा के रूप में हुई है। वह मेडिकल की पढ़ाई के लिए नीट की तैयारी कर रही थी। बताया जाता है कि तीसरे चरण की काउंसिलिंग में उसका चयन भी हो गया था। इसके बावजूद उसके इस कदम से परिवार और आसपास के लोग स्तब्ध हैं।
बताया गया है कि रितु के पिता देवराज शर्मा सेवानिवृत्त इंजीनियर हैं और उनके पास लाइसेंसी पिस्टल है। घटना की सूचना मिलने पर झूंसी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने परिजनों से भी पूछताछ की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि छात्रा ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी जांच की जा रही है। आत्महत्या के पीछे मानसिक तनाव, पारिवारिक कारण या कोई अन्य वजह थी, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। घटना से परिवार और स्थानीय क्षेत्र में शोक का माहौल है।








