ताजा खबरभारतराज्य

अनियंत्रित होकर धुर्वा डैम में जा गिरी पुलिस की गाड़ी, 3 पुलिसकर्मियों की मौत

रांची। झारखंड की राजधानी रांची के धुर्वा डैम के पास शुक्रवार की देर रात एक गंभीर हादसा हुआ। पुलिसकर्मियों का वाहन अनियंत्रित होकर सीधे धुर्वा डैम में जा गिरा, जिससे तीन पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान प्रिंसिपल जिला जज जमशेदपुर के दो बॉडीगार्ड उपेंद्र कुमार सिंह, रोबिन कुजूर और एक सरकारी ड्राइवर सतेंद्र सिंह के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि, तीनों पुलिसकर्मी स्विफ्ट कार से गांव स्थित ज्यूडिशल एकेडमी से धुर्वा डैम की दिशा में निकल रहे थे, तभी वाहन अनियंत्रित होकर डैम में गिर गया। स्थानीय लोगों ने दुर्घटना की आवाज सुनी और पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही धुर्वा और नगड़ी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया गया। राहत और बचाव कार्य में स्थानीय लोगों, पुलिसकर्मियों और गोताखोरों ने 2-3 घंटे मेहनत के बाद डैम से तीनों पुलिसकर्मियों के शव और उनके साथ रखे हथियार बरामद किए।

हटिया डीएसपी प्रमोद कुमार मिश्रा ने बताया कि वाहन के अनियंत्रित होने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है, लेकिन इसकी जांच प्रारंभ कर दी गई है। वाहन की भी पूरी तरह जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि वाहन अचानक तेजी से नियंत्रण खो बैठा और डैम में जा गिरा, जिससे कोई बच नहीं सका। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, ताकि हादसे के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके। पुलिस ने परिवार को सहानुभूति भी व्यक्त की है। पुलिस विभाग ने अपनी ओर से मृतकों के परिवार को मदद देने का आश्वासन दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *