
नई दिल्ली। मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच पीएम मोदी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। यूएई के राष्ट्रपति से बातचीत के बाद उन्होंने बहरीन और सऊदी अरब के शीर्ष नेताओं से भी फोन पर बात की। इस दौरान पीएम मोदी ने हालिया हमलों की कड़े शब्दों में निंदा की और कहा कि संकट की इस घड़ी में भारत अपने मित्र देशों के साथ खड़ा है। प्रधानमंत्री मोदी ने बहरीन के राजा किंग हमद बिन ईसा अल खलीफा से फोन पर चर्चा की। उन्होंने बहरीन पर हुए हमलों को लेकर चिंता जताई और क्षेत्र में शांति बनाए रखने की जरूरत पर जोर दिया।
बातचीत के दौरान वहां रह रहे भारतीय समुदाय की सुरक्षा का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। पीएम मोदी ने सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस और प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन सलमान अल सऊद से भी फोन पर बातचीत की। दोनों नेताओं के बीच क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता को लेकर गंभीर चर्चा हुई। प्रधानमंत्री ने हमलों की निंदा करते हुए कहा कि इस इलाके में शांति और स्थिरता बेहद जरूरी है।









