LPG CYLINDER जमाखोरी : अब्दुल रेहान के घर से 55 भरे सिलेंडर बरामद, सपा नेता होने का दावा किया जा रहा है

हापुड़: उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गैस सिलेंडर की किल्लत के बीच कालाबाजारी जोरों पर है। हापुड़ में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अब्दुल रेहान के घर 55 भरे और कई खाली गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। आरोपी फरार हो गया है। स्थानीय लोगों का दावा है कि रेहान 2 हजार रुपये तक में सिलेंडर बेच रहा था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। दावा किया जा रहा है कि अब्दुल रेहान समाजवादी पार्टी का नेता भी है।
ये पूरा मामला गांव असौड़ा का है। पुलिस को सूचना मिली थी कि पंचायती घर के पास रहने वाला अब्दुल रहमान अपने घर में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण कर रहा है। सूचना मिलते ही जिला पूर्ति विभाग ने पुलिस टीम के साथ मौके पर छापा मारा। छापे की खबर पाते ही अब्दुल रहमान घर से भाग निकला। पुलिस टीम को मौके पर 55 भरे हुए और कई खाली सिलेंडर बरामद हुए हैं। अधिकारियों ने सभी सिलेंडरों को कब्जे में लेकर जब्त कर दिया।
जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों पर योगी प्रशासन सख्त
इस बीच, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशासन को सख्त निर्देश दिए हैं कि पेट्रोल डीजल और घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत की अफवाह फैलाकर इसकी आड़ में जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। एजेंसियों से सामान्य गैस वितरण के लिए सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि ग्राहकों को नियमानुसार सिलेंडर मिल सके। यूपी के मुख्य सचिव ने इस संबंध में शासनादेश जारी करते हुए सभी जिलों के डीएम को निर्देश भेज दिया है।
भ्रम फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
मुख्य सचिव की ओर से जारी आदेश कहा गया है कि भ्रम फैलाने वाले चैनल, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के मैसेज और वीडियो पर कड़ी नजर रखी जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि गैस सिलेंडर के वितरण व्यवथा में दिक्कत ना हो। गैस सिलेंडर वाहनों को पर्याप्त सुरक्षा दी जाए। राजस्व विभाग, खाद एवं रसद विभाग के अधिकारियों के साथ स्थानीय प्रशासन और पुलिस के अधिकारी लगातार भ्रमण करें।









