ताजा खबरभारतराज्य

1 मई से शुरू होगी आदि कैलाश यात्रा, श्रद्धालु इस दिन से करें इनर लाइन परमिट के लिए आवेदन

पिथौरागढ़। उत्तराखंड की प्रतिष्ठित और आध्यात्मिक आदि कैलाश और ओम् पर्वत यात्रा आगामी एक मई से शुरू होगी। जोलिंगकोंग स्थित पवित्र शिव धाम के कपाट इसी दिन श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। जिला प्रशासन की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। यात्रा की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में पिथौरागढ़ कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें संबंधित विभागों को यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने बताया कि इस वर्ष की आदि कैलाश और ओम पर्वत यात्रा पर अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के लिए इनर लाइन परमिट की ऑनलाइन प्रक्रिया 28 अप्रैल से शुरू होगी। श्रद्धालु पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे जबकि परमिट धारचूला से जारी किए जाएंगे। प्रशासन ने यात्रा मार्ग पर पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, सड़क, दूरसंचार, खाद्यान्न, शौचालय, सुरक्षा और स्वच्छता की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यात्रा शुरू होने से पहले गुंजी क्षेत्र में स्थलीय निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं की अंतिम समीक्षा की जाएगी।

स्वास्थ्य सुविधाओं को विशेष प्राथमिकता देते हुए पिथौरागढ़ और धारचूला में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, मार्ग में मेडिकल कैंप और प्रमुख स्थानों पर एएलएस एंबुलेंस तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा सड़क मार्गों को दुरुस्त करने के लिए बीआरओ को निर्देशित किया गया है, जबकि टैक्सी, होमस्टे, पार्किंग, बिजली, पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं को भी व्यवस्थित करने पर जोर दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि इस वर्ष यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, ऐसे में सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और यादगार बनाया जाएगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *