
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को नीट यूजी 2026 री-एग्जाम दे रहे छात्रों के लिए एक बेहद सराहनीय कदम उठाया। उन्होंने दिल्ली एयरपोर्ट से अपनी तय उड़ान में थोड़ी देरी की, ताकि एग्जाम सेंटर जा रहे छात्रों को किसी भी तरह की परेशानी या ट्रैफिक जाम का सामना न करना पड़े। रविवार दोपहर 1.15 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड करने के बाद पीएम मोदी सीधे अपने आवास जाने के बजाय करीब 45 मिनट तक वहीं रुके रहे।
जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री का काफिला तय समय पर एयरपोर्ट से निकल सकता था। लेकिन, दोपहर 2 बजे से होने वाली नीट परीक्षा के कारण एयरपोर्ट और उसके आसपास के इलाकों में हजारों छात्रों की आवाजाही चल रही थी। पीएम मोदी ने फैसला लिया कि वीवीआईपी मूवमेंट और सुरक्षा प्रतिबंधों की वजह से छात्रों को सेंटर पहुंचने में देरी न हो जाए, इसलिए वह खुद एयरपोर्ट पर ही रुक गए।
सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ
पीएम मोदी के इस फैसले की सोशल मीडिया पर लोग खूब तारीफ कर रहे हैं। यूजर्स और पेरेंट्स ने इसे छात्रों के हित को सबसे आगे रखने वाला एक बेहतरीन निर्णय बताया। बता दें कि इस साल नीट यूजी परीक्षा को लेकर केंद्र सरकार और प्रशासन पहले से ही काफी अलर्ट मोड पर हैं और छात्रों की सुविधा के लिए हर स्तर पर खास इंतजाम किए गए।








