
रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के चमोली स्थित कर्णप्रयाग में 16 जून को हुए विवाद के बाद शनिवार देर शाम रुद्रप्रयाग के नगरासू स्थित गुरुद्वारे में पंजाब से आए हथियारों से लैस छह निहंगों ने कब्जा कर लिया। उन्होंने दो लोगों को बंधक भी बनाया। हालांकि, विवाद बढऩे पर निहंगों ने एक व्यक्ति को छोड़ दिया, जबकि एक सेवादार को बंधक बनाए रखा। निहंगों ने चेतावनी दी है कि गुरुद्वारे में घुसने वाले को काट देंगे। रविवार सुबह रुद्रप्रयाग के डीएम विशाल मिश्रा निहंगों से बातचीत करने पहुंचे, लेकिन उन्होंने बातचीत से इनकार कर दिया। इससे पहले एसपी निहारिका तोमर ने दो दौर की बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन बाचचीत विफल रही। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिला के नागरासू स्थित गुरुद्वारे में बीते 24 घंटे से जारी विवाद अब गंभीर रूप लेता जा रहा है। हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर स्थित गुरुद्वारे में कुछ निहंग तीर्थ यात्रियों द्वारा कब्जा जमाने के बाद हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। फिलहाल प्रशासन मौके पर मौजूद है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है।








