
ढाका। बांग्लादेश की राजनीति में एक बार फिर बड़ा भूचाल आने की आशंका है। मीडिया रिपोट्र्स के मुताबिक राष्ट्रपति मोहम्मद शाहाबुद्दीन जल्द ही अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। हालांकि अभी इसका आधिकारिक तौर पर ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन माना जा रहा है कि शेख हसीना से संपर्क करने को लेकर उन पर पद छोडऩे का दबाव है। उनका यह कदम अपने पांच वर्षीय संवैधानिक कार्यकाल से लगभग दो साल पहले होगा, जो शेख हसीना युग के अंतिम प्रतीक के तौर पर देखा जा रहा है।
रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रपति शाहाबुद्दीन के संभावित इस्तीफे की सबसे बड़ी वजह मई महीने में उनकी लंदन यात्रा के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना से कथित फोन पर हुई बातचीत है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इस गोपनीय बातचीत की जानकारी खुफिया एजेंसियों तक पहुंच गई, जिसके बाद उच्चस्तरीय स्तर पर राष्ट्रपति को संदेश दिया गया कि उन्हें पद छोड़ देना चाहिए।








