पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में उप-प्राचार्या संगीता सक्सेना को 38 वर्षों की सेवा के बाद भावभीनी विदाई

लखनऊ। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, गोमती नगर में उप-प्राचार्या संगीता सक्सेना के 38 वर्षों के गौरवपूर्ण एवं समर्पित शैक्षिक सेवा-काल के पूर्ण होने पर उनके सेवानिवृत्ति समारोह का आयोजन गरिमामय वातावरण में किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने उन्हें भावभीनी विदाई देते हुए उनके उत्कृष्ट योगदान को स्मरण किया।
विद्यालय के प्राचार्य संजीव अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि “श्रीमती संगीता सक्सेना ने अपने 38 वर्षों की सेवा के दौरान शिक्षा, अनुशासन, नेतृत्व एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति अद्वितीय समर्पण का परिचय दिया है। उनकी कार्यनिष्ठा, सरलता एवं सकारात्मक सोच सदैव विद्यालय परिवार के लिए प्रेरणास्रोत रहेगी। उनके मार्गदर्शन और अनुभव ने विद्यालय की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। हम उनके स्वस्थ, सुखमय एवं सफल जीवन की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हैं।”
समारोह में उप प्राचार्या के साथ उनके पति प्रदीप सक्सेना, उनकी बेटी प्रियांशी सक्सेना व अन्य पारिवारिक सदस्यों भी मौजूद रहे। विद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने उनके साथ बिताए गए प्रेरणादायक अनुभव साझा किए तथा उन्हें स्मृति-चिह्न एवं शुभकामनाओं के साथ सम्मानित किया। भावुक वातावरण के बीच सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं सुखद सेवानिवृत्त जीवन की कामना की।
यह समारोह उप प्राचार्या संगीता सक्सेना की दीर्घकालीन, समर्पित एवं प्रेरणादायी सेवाओं के प्रति विद्यालय परिवार की कृतज्ञता का प्रतीक रहा।









