लखनऊ: कृष्णमय हुआ पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय , श्रीकृष्ण-राधा के रूप में नजर आये नन्हें बच्चे

हर्षोल्लास से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
” नंद के आनंद भयो जय कन्हैया लाल की हाथी घोड़ा पालकी जय कन्हैया लाल की” के नारों से गूंजा विद्यालय प्रांगण
लखनऊ। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय लखनऊ में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। विद्यालय के प्राचार्य संजीव अग्रवाल के निर्देशन एवं प्रधानाध्यापक दिनेश निखार के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं एवं जीवन मूल्यों को जीवंत किया।
नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने श्रीकृष्ण, राधा एवं गोपियों के रूप में मनमोहक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। प्रस्तुतियों के दौरान बच्चों ने फूलों की होली, श्री कृष्ण माखन चोरी एवं जन्मोत्सव जैसी झांकियां के माध्यम से विद्यालय परिसर में भक्ति एवं उत्सव का सुंदर वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम का मंच संचालन रजनी श्रीवास्तव ने किया। उन्होंने श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनके संदेशों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को प्रेम, सत्य, कर्तव्य और सदाचार के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने आयोजन को यादगार बना दिया।












