ताजा खबरदिल्लीभारत

पवन खेड़ा के घर पुलिस की रेड, CM हिमंता बिस्वा की पत्नी पर फर्जी पासपोर्ट के आरोप लगाकर फंसे

नई दिल्ली। सीएम हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी पर फर्जी पासपोर्ट का आरोप लगाने के दो दिन बाद मंगलवार को असम पुलिस ने दिल्ली में पवन खेड़ा के घर छापा मारा। हिमंता की पत्नी की एफआईआर के बाद यह कार्रवाई की गई है। हालांकि छापामारी के वक्त पवन खेड़ा घर पर मौजूद नहीं थे। पुलिस ने घर से कुछ डॉक्यूमेंट्स और इलेक्ट्रिक डिवाइस सीज किए। पवन के घर पर मौजूद नहीं होने पर हिमंता ने कहा कि गिरफ्तारी की चुनौती देने वाले खेड़ा अब हैदराबाद भाग गए हैं। कानून अपना काम करेगा। हम खेड़ा को पाताल से ढूंढकर ले आएंगे और पता करेंगे कि उन्हें फर्जी दस्तावेज किसने दिए। मुझे लगता है कि ये डॉक्यूमेंट्स शायद राहुल गांधी ने पवन खेड़ा को दिए होंगे। बता दें दिल्ली पुलिस असम से आए अधिकारियों की सहायता कर रही है। कानून के मुताबिक, अगर किसी एक राज्य की पुलिस दूसरे राज्य में जाती है, तो स्थानीय पुलिस को सूचित करना होता है। दिल्ली पुलिस को सूचित कर दिया गया, जिसके बाद राष्ट्रीय राजधानी के पुलिस अधिकारी असम पुलिस की टीम की सहायता कर रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, पवन खेड़ा अपने आवास पर मौजूद नहीं हैं। हाल ही में पवन खेड़ा ने असम सीएम की पत्नी के पासपोर्ट को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी और कई आरोप लगाए थे। उसी मामले में असम पुलिस दिल्ली पहुंची है। रविवार को असम में एक राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया, जब कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी, रिंकी सरमा पर तीन देशों के पासपोर्ट रखने और विदेशों में बड़ी संपत्ति होने का आरोप लगाया। इसके तुरंत बाद, असम के मुख्यमंत्री ने पलटवार करते हुए इन आरोपों को बेबुनियाद और राजनीति से प्रेरित बताकर खारिज कर दिया। सरमा ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा पवन खेड़ा की प्रेस कॉन्फ्रेंस कांग्रेस पार्टी के अंदर गहरी हताशा और घबराहट को दर्शाती है। जैसे-जैसे असम एक ऐतिहासिक जनादेश की ओर निर्णायक रूप से आगे बढ़ रहा है, इस तरह के हताश और बेबुनियाद हमले केवल उनके ढहते जनाधार को ही उजागर करते हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *