
दुशान्बे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को ताजिकिस्तान के दुशान्बे में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की ‘काउंसिल ऑफ हेड्स ऑफ गवर्नमेंट’ की बैठक में पाकिस्तान का नाम लिए बिना दो टूक कहा कि आतंकवाद को किसी भी तरह से सही नहीं ठहराया जा सकता और इससे निपटने में कोई दोहरे मापदंड नहीं अपनाए जा सकते। श्री सिंह ने आतंकवाद को ‘विकास के लिए सबसे गंभीर खतरों में से एक’ बताया और कहा कि इससे न केवल लोगों की जान को नुकसान पहुंचता है, बल्कि निवेश और व्यापार पर भी बुरा असर पड़ता है।
पाकिस्तान के विदेश मंत्री और उप-प्रधानमंत्री इशाक डार की मौजूदगी में श्री सिंह ने कहा कि आतंकवाद समाजों को कट्टर बनाता है और हमारे युवाओं को उन अवसरों से वंचित रखता है, जिनके वे हकदार हैं। पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए श्री सिंह ने कहा कि जो लोग आतंकवादियों को आर्थिक मदद देते हैं, उनका समर्थन करते हैं या उन्हें सुरक्षित पनाहगाह मुहैया कराते हैं, उनके लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए।







