
कीव। पूर्व रूसी राष्ट्रपति दिमित्री मेदवेदेव ने रूस-यूक्रेन युद्ध के दशकों तक खिंचने की आशंका जताई है। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई मास्को के लिए अस्तित्व का संघर्ष बन गई है। रिपोर्ट के अनुसार, मेदवेदेव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि रूस को यूक्रेन को नष्ट करना चाहिए। मास्को को इसे पूरी तरह से नष्ट कर देना चाहिए, जो कि मूल रूप से आतंकी राज्य है। यह भी सुनिश्चित होना चाहिए कि यह गंदगी दोबारा कभी न फैले। मालूम हो कि दिमित्री मेदवेदेव फिलहाल रूसी सुरक्षा परिषद के उपाध्यक्ष हैं। उन्होंने लिखा कि यह लड़ाई वर्षों तक चले या दशकों तक, चलती है तो चलती रहे। हमारे पास कोई और विकल्प ही नहीं है, क्योंकि या तो हम उनके राजनीतिक गठजोड़ को खत्म कर देंगे या फिर पश्चिमी देश रूस को टुकड़ों में बांट देंगे। अगर ऐसा हुआ तो यह हमारे साथ ही खत्म हो जाएगा। मगर, ऐसा कोई चाहता नहीं है। दिमित्री मेदवेदेव ने कहा कि इस स्थिति में एकमात्र तरीका दुश्मन देश की राज्य मशीनरी को पूरी तरह से नष्ट कर देना है।